Agniveer :राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने बंगाल सफारी सिलीगुड़ी में ‘टाइगर’ को लिया गोद, नाम दिया ‘अग्निवीर’

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बंगाल सफारी नॉर्थ बंगाल वाइल्ड एनिमल्स पार्क का बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान एक साल के टाइगर(बाघ) को उन्होंने एक साल के लिए गोद लिया व उसे ‘अग्निवीर’ नाम दिया। गंगटोक से आने के क्रम में उन्होंने सफारी का निरीक्षण किया। इस दौरान एडॉप्शन प्रोग्राम(गोद अभियान) के तहत लोगों में जागरूकता के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री चौबे ने टाइगर को गोद लिया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए सभी को जागरूक रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने जीव जंतुओं के संरक्षण के लिए व्यापक कदम उठाएं हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन में जीव जंतुओं की प्रमुख भूमिका है। उनका संरक्षण जरूरी है। इसके लिए लोगों को नियमित रूप से जागरूक करते रहने की भी जरूरत है। इस मौके पर मौजूदा अधिकारियों को “जीव जंतु गोद अभियान” के बारे में जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाने के लिए निर्देशित किया।

बता दें कि एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत 70 लोगों ने यहां जानवर गोद लिया है। लोग को अधिक संख्या में जानवरों को गोद लेने को प्रेरित करने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने टाइगर को गोद लिया। उन्होंने गोद लिए टाइगर के रखरखाव पर होने वाले खर्च 2 लाख का भुगतान ऑनलाइन के माध्यम से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *