गुवाहाटी: लगातार बारिश से दूसरे दिन भी बाढ़ जैसे हालात, शैक्षणिक संस्थान बुधवार को बंद

-भारी जलजमाव की वजह से घरों में कैद होकर रह गए लोग

गुवाहाटी, 15 जून (हि.स.)। कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने लगातार बारिश और कृत्रिम बाढ़ से उत्पन्न गुवाहाटी की परिस्थितियों के मद्देनजर बुधवार को गुवाहाटी के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की। सड़कों पर भारी जलजमाव की वजह से लगातार दूसरे दिन गुवाहाटी के नागरिक घरों में कैद होकर रह गए हैं।

सोमवार रात शुरू हुई बरसात अभी तक जारी है। मंगलवार सुबह से ही गुवाहाटी के अधिकांश हिस्सों में बरसात का पानी प्रवेश कर गया। जिसके चलते राजधानी क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। बुधवार को भी गुवाहाटी के अनेक हिस्सों में भारी जलजमाव के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

लगातार हो रही बरसात के चलते गुवाहाटी के पहाड़ी इलाके में भूस्खलन की घटनाएं भी घटी हैं। मंगलवार को चार श्रमिकों की भूस्खलन के चलते मौत हो गयी थी। वहीं, बाढ़ जैसे हालात में फंसकर एक महिला की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

राजधानी गुवाहाटी में वाहनों के बदले नाव चलती नजर आ रही है। बाढ़ के पानी से निकलने के लिए प्रभावित लोग रिक्शा का सहारा ले रहे हैं। गुवाहाटी के नवीन नगर, राजीव नगर, अनिल नगर, जू-रोड समेत अन्य क्षेत्रों में आज तीन दिनों से बरसाती पानी लोगों के घरों में घुस गया है।

कामरूप (मेट्रो) जिला उपायुक्त पल्लव गोपाल झा ने एक निर्देश में कहा है कि मौसम विज्ञान केंद्र ने कामरूप (मेट्रो) जिला क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना की भविष्यवाणी की है। विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर एहतियात के तौर पर बुधवार को सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पहले से निर्धारित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।

इस बीच, कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने नागरिकों को बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने उन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है जिनकी बसावटों में जलभराव/भूस्खलन होने की संभावना है। किसी भी स्थिति के लिए जिला प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 1077/8638112297 के जिला प्रशासन से संपर्क करने का आह्वान किया है।

दूसरी ओर, कामरूप (मेट्रो) जिला उपायुक्त द्वारा जारी एक आपातकालीन संदेश में कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति के लिए गुवाहाटी राजस्व सर्कल अधिकारी 95082-09686, 97077-27422 और गुवाहाटी फील्ड अधिकारी (डीडीएमए) 83760-29984 या दिसपुर राजस्व सर्कल अधिकारी 88760-86488 एवं दिसपुर फील्ड ऑफिसर (डीडीएमए) 88760-86488 के साथ प्रशासन के टोल फ्री नंबर 1077/9364-9364-9364 पर संपर्क करने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *