Pm Modi: प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को महाराष्ट्र के दौरे पर

मुंबई, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 जून को मुंबई तथा पुणे में पूर्व नियोजित चार कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए के महाराष्ट्र आ रहे हैं। इसके तहत प्रधानमंत्री मंगलवार को दोपहर करीब 1.45 बजे पुणे के देहू में जगतगुरु श्रीसंत तुकाराम महाराज मंदिर का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 4.45 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में जल भूषण भवन और राजभवन में क्रांतिकारी गैलरी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम करीब छह बजे प्रधानमंत्री मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में मुंबई समाचार द्विशताब्दी महोत्सव में शामिल होंगे।

पुणे के देहू में जगतगुरु श्रीसंत तुकाराम महाराज का मंदिर 36 चोटियों के साथ पत्थर से बनाया गया है, जिसमें संत तुकाराम महाराज की मूर्ति भी स्थापित की गई है। संत तुकाराम वारकरी संप्रदाय के संत और कवि थे, जो अपने अभंगों और आध्यात्मिक कीर्तनों के माध्यम से समुदाय-उन्मुख पूजा के लिए जाने जाते थे। वह देहू में रहते थे। उनके देवलोकगमन के बाद एक पत्थर का मंदिर बनाया गया था। इसी मंदिर को 36 चोटियों के साथ पत्थर से बनाया गया है, जिसमें संत तुकाराम महाराज की मूर्ति भी शामिल है। इसी मंदिर का उद्घाटन कल प्रधानमंत्री करने वाले हैं।

प्रधानमंत्री उसके बाद मुंबई में जल भूषण भवन और राजभवन में क्रांतिकारी गैलरी का उद्घाटन करेंगे। जल भूषण भवन 1885 से महाराष्ट्र के राज्यपाल का आधिकारिक निवास हुआ करता था। उसी जगह पुरानी इमारत को ध्वस्त कर दिया गया था और साइट पर एक नई इमारत के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। नए भवन की आधारशिला अगस्त 2019 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा रखी गई थी। पुराने भवन की सभी विशेषताएं नवनिर्मित भवन में संरक्षित रखी गई हैं। प्रधानमंत्री पुणे से मुंबई लौटकर इसका उद्घाटन करेंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री राजभवन के बेसमेंट में बनी क्रांतिकारियों की गैलरी का भी उद्घाटन करने वाले हैं। 2016 में महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल विद्यासागर राव को राजभवन में एक तहखाना मिला था। अंग्रेज इस तहखाने को हथियार रखने के लिए गुप्त स्थान के रूप में इस्तेमाल करते थे। तहखाने का नवीनीकरण 2019 में किया गया था। इस बेसमेंट में बनी गैलरी अपनी तरह का इकलौता संग्रहालय है, जिसे महाराष्ट्र में स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की याद में बनाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी उसके बाद मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में मुंबई समाचार द्विशताब्दी महोत्सव में भी शामिल होंगे। 1 जुलाई, 1822 को फरदुनजी मरज़बनजी ने मुंबई समाचार को साप्ताहिक रूप से छापना शुरू किया। फिर 1832 में यह दैनिक हो गया। यह समाचार पत्र पिछले 200 वर्षों से लगातार प्रकाशित हो रहा है। इस दुर्लभ रिकॉर्ड को यादगार बनाने के लिए इस अवसर पर एक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *