Parvez Musharraf : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के निधन की खबरें, पुष्टि की प्रतीक्षा

दुबई, 10 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ के निधन की खबरें मीडिया में सामने आ रही हैं। हालांकि अभी उनके निधन की पुष्टि नहीं हुई है। कई बीमारियों से जूझ रहे मुशर्रफ गुरुवार से वेंटिलेटर पर थे।

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ पिछले कुछ समय से दिल की बीमारी सहित कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। इन बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को अचानक हालत बिगड़ने पर मुशर्रफ को वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। शुक्रवार को अचानक ऐसी खबरों की बाढ़ आ गयी कि उनका निधन हो गया है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी मरियम नवाज ने भी उनकी मृत्यु की खबर ट्वीट करके तुरंत डिलीट कर दी। ऐसे में परवेज मुशर्रफ के निधन की खबर की पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है। 78 वर्षीय मुशर्रफ का जन्म 11 अगस्त 1943 भारत की राजधानी दिल्ली में हुआ था। आजादी के समय हुए देश के बंटवारे में उनका परिवार पाकिस्तान चला गया था।

परवेज पाकिस्तानी सेना के मुखिया बने और बाद में देश की सत्ता पर काबिज हो गए। उन्हें नवाज शरीफ ने पाकिस्तानी सेना का प्रमुख बनाया था और बाद परवेज ने नवाज शरीफ का तख्ता पलट कर पाकिस्तान की सत्ता पर कब्जा किया। पाकिस्तान के दसवें राष्ट्रपति बने परवेज मुशर्रफ ने 1999 से 2008 तक पाकिस्तान पर शासन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *