Rahul Gandhi : भाजपा की कट्टर सोच के चलते भारत की छवि को हो रहा है नुकसान : राहुल गांधी

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की कट्टर सोच के चलते भारत की वैश्विक स्तर पर छवि खराब हो रही है। राहुल ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि अंदरूनी तौर पर बंटवारे से भारत बाहरी तौर पर कमजोर पड़ रहा है।

निलंबित भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा और निष्कासित नवीन कुमार जिंदल की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब पर दिए विवादित बयान पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की कट्टर सोच के चलते देश में तनाव का माहौल है और वैश्विक स्तर पर भारत की छवि खराब होना चिंता का विषय है।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को ठेस पहुंचा रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा एक तरफ तो धार्मिक ध्रुवीकरण कर नफरत फैला कर भारत की सदियों पुरानी ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की परंपरा का अपमान करती है वहीं दूसरी ओर सब धर्मों के सम्मान का ढोंग व पाखंड करती है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेताओं की ओर से पैगंबर मोहम्मद के प्रति कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी का इस्लामिक देशों में खासकर खाड़ी देशों में कड़ा विरोध जारी है। अब तक कतर, कुवैत, ईरान और पाकिस्तान इस मामले पर भारतीय दूतावास के शीर्ष अधिकारी को तलब कर चुके हैं। वहीं सऊदी अरब, पाकिस्तान, बहरीन, अफगानिस्तान (तालिबान) और इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) बयान दे चुके हैं।