Arvind Kejriwal : भ्रष्टाचार के आरोपी पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री को हटाया जाना सराहनीय कदम : केजरीवाल

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोपी अपने स्वास्थ्य मंत्री को पद से हटा दिया है। उनका यह कदम स्वागत योग्य है। आम आदमी पार्टी अपने कट्टर ईमानदार सरकार की छवि पर आंच नहीं आने देगी।

उन्होंने कहा कि आप देश की एकमात्र पार्टी है जहां भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं है। भ्रष्टाचार के खिलाफ छोटे भाई भगवंत के फैसले पर उन्हें गर्व है। केजरीवाल ने कहा कि मान चाहते तो वह अपने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बचा सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया क्योंकि आम आदमी पार्टी का जन्म ईमानदार सिस्टम कायम करने के लिए हुआ है। पार्टी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।

उल्लेखनीय है कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला पर आरोप है कि वह ठेके के लिए अधिकारियों से एक फीसदी कमीशन की मांग कर रहे थे। यह आरोप तय होने पर उन्हें पद से हटा दिया गया। इस संबंध में मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट कर कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म ईमानदार सिस्टम कायम करने के लिए हुआ है। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने हमेशा कहा है कि भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे चाहे कोई अपना हो या फिर पराया। मान ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत मिलते ही तुरंत बर्खास्त किया गया है और साथ ही एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *