Rashtriya Swayamsevak Sangh : लखनऊ में संघ शिक्षा वर्ग द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण प्रारम्भ

लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का संघ शिक्षा वर्ग द्वितीय वर्ष का शुभारंभ निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज परिसर के माधव सभागार में हुआ। वर्ग का उदघाटन पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने किया। इस अवसर पर वर्ग के सर्वाधिकारी अंगराज और वर्ग के वर्ग कार्यवाह बांकेलाल उपस्थित रहे।

इस वर्ग में अवध प्रान्त,कानपुर प्रान्त,काशी प्रान्त और गोरक्ष प्रान्त के 267 प्रशिक्षार्थी शामिल हुए हैं।

इस वर्ग में विभिन्न आयु वर्ग के प्रशिक्षार्थी 20 दिनों तक प्रशिक्षण लेंगे। संघ शिक्षा वर्ग में शिक्षार्थियों को बौद्धिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्ग का समापन 10 जून को होगा।

पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नरेन्द्र सिंह वर्ग के पालक हैं। द्वितीय वर्ष के मुख्य शिक्षक कानपुर के विभाग प्रचारक अखिलेश हैं। व्यवस्था प्रमुख के नाते लखनऊ विभाग के सह विभाग कार्यवाह बृजेश पांडेय को जिम्मेदारी दी गयी है।

प्रथम वर्ष विशेष का वर्ग भी निरालानगर में चल रहा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष (विशेष) भी निरालानगर के सरस्वती कुंज परिसर में चल रहा है। प्रथम वर्ष विशेष वर्ग का उदघाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह वीरेन्द्र जायसवाल ने किया। प्रथम वर्ष विशेष में 170 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। इस वर्ग के वर्गाधिकारी सेवा भारती अवध प्रान्त के प्रान्तीय उपाध्यक्ष ललराम चौधरी हैं। वर्ग के वर्ग कार्यवाह गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त कार्यवाह सुरेश और मुख्य शिक्षक राम आधार हैं। प्रथम वर्ष विशेष के पालक क्षेत्र सेवा प्रमुख नवल किशोर को बनाया गया है। प्रथम वर्ष विशेष में चारों प्रान्तों के कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेने आये हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के पांच स्थानों पर प्रथम वर्ष

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के चारों प्रान्तों में संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष (सामान्य) चल रहा है। वहीं काशी प्रान्त में दो स्थानों पर वर्ग लगेगा। अवध प्रान्त का संघ शिक्षा बइराइच के संत पथिक इण्टर कालेज में 16 मई से चल रहा है। इस वर्ग का समापन 09 जून को होगा। इस वर्ग में अवध प्रान्त के सभी जिलों से कार्यकर्ता प्रशिक्षण ले रहे हैं।

वहीं कानपुर प्रान्त का संघ शिक्षा वर्ग बृज कुमारी देवी एल्ड्रिच इण्टर कालेज जालौन में चल रहा है। गोरक्ष प्रान्त का संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष सामान्य सरस्वती शिशु मंदिर तेतरीबाजार सिद्धार्थनगर में चल रहा है। वहीं काशी प्रान्त का संघ शिक्षा वर्ग दो स्थानों पर लग रहा है। इसमें एक वर्ग चुनार के सुरभी शोध संस्थान में और दूसरा वर्ग माधव ज्ञान केन्द्र नैनी प्रयागराज में लगेगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नरेन्द्र सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि संगठन के कार्य विस्तार व कार्यकर्ताओं के क्षमता विकास के लिए प्रतिवर्ष संघ शिक्षा वर्गों का आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *