हम सत्ता में सेवा के लिए हैं, कुर्सी हमारे लिए जरूरी नहीं : नड्डा

जयपुर, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुर्सी हमारे लिए जरूरी नहीं है। हम सत्ता में सेवा के लिए हैं। हमारा संकल्प सबका साथ, सबका विश्वास है।

नड्डा शुक्रवार शाम को बिडला सभागार में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुंदर सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित पुस्तक के विमोचन और प्रमुख कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। नड्डा ने कहा कि हमें गरीब के लिए आवास, पानी, शिक्षा आदि के लिए काम करना है। जातिवाद से दूर रहना है और विकास की राजनीति करनी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश में विकास नहीं दिखता है, लेकिन हर चुनाव में मिल रही विजय यह बताती है कि देश की जनता को विकास दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान कई देश फैसला नहीं कर पा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कड़े फैसले किए और देश को बचा लिया। वैक्सीन का निर्माण करवाया बहुत कम समय में किया और पूरी दुनिया में एक मिसाल कायम की।

कार्यक्रम में सुंदर सिंह भण्डारी को याद करते हुए नड्डा ने कहा कि भंडारी जनसंघ की नींव रखने वाले नेता थे। वे पहली पंक्ति के नेता रहे। दीनदयाल उपाध्याय के साथ काम किया और अपना पूरा जीवन पार्टी के लिए लगा दिया। मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला। मैं युवा मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष था तब 1990 में मैंने उनके साथ काम किया। वह कार्यकर्ता को गढ़ने का काम करते थे। सादगी उनके जीवन में थी। उन्होंने हमेशा विचार को आगे बढ़ाया।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *