विदेश में भारत की छवि धूमिल करने का काम करते हैं राहुल गांधीः भाजपा

नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर देश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विदेश में भारत की छवि को धूमिल करने का काम करते हैं। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता देश को नीचा दिखाने की है।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की सेमिनार में जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नफरत करते-करते भारत के खिलाफ ही वक्तव्य देने लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा का विरोध करना चाहिए, ये स्वस्थ राजनीति का हिस्सा है लेकिन देश का अपमान नहीं करना चाहिए।

भाटिया ने कहा कि एक हताश कांग्रेस और उसके विफल नेता राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, चाहे वो लंदन हो, अमेरिका हो, सिंगापुर हो उनके वक्तव्य कहीं न कहीं ये दर्शाते हैं कि आज की कांग्रेस पार्टी 1984 से लेकर अब तक, देश में आग लगाने, सौहार्द बिगाडने में लगी है। उन्होंने कहा कि लंदन में राहुल गांधी कहते हैं कि भाजपा ने देश में मिट्टी का तेल छिड़का है। जबकि हकीकत ये है कि मिट्टी का तेल तो कांग्रेस पार्टी छिड़कती है। 1984 का जो नरसंहार हुआ, कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कत्लेआम करवाया, उस मिट्टी के तेल को डालने वाले कांग्रेस के ही नेता थे।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी द्वारा भारत में पाकिस्तान जैसे हालात बताने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जब से भारत आजाद हुआ, सरकार किसी भी पार्टी की रही हो लेकिन लोकतंत्र का राज भारत में रहा और पकिस्तान वो मुल्क है जो आजादी के 75 वर्ष में आधे समय तानाशाह हुकूमत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *