MP : मप्र में लगातार बढ़ रहा तापमान, कई जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी

भोपाल, 15 मई (हि.स.)। प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन के साथ रात का तापमान भी बढऩे से तपिश महसूस हो रही है। चार दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान ने बीते दिन शनिवार से ही भीषण रूप ले लिया है। आठ जिलों राजगढ़, गुना, सागर, दमोह, सतना, ग्वालियर, सीधी व रीवा में लू चल रही है। पिछले 24 घण्टों में नौगांव सबसे ज्यादा गर्म है, यहां का तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों में गर्म हवाएं इसी तरह आती रहेंगी और तापमान इसी स्तर के आसपास बना रहेगा। साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। आगामी 18 मई तक तापमान 41 डिग्री के आसपास रहेगा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक राजेन्द्रनुरी गोस्वामी ने हिस को जानकारी देते हुए बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अब काफी कमजोर हो गया है, लेकिन उसकी हवाओं का असर सभी जगहों पर बना हुआ है। विभिन्न प्रदेशों में ये हवाएं अलग-अलग तरह से प्रभाव डाल रही हैं। मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों में टीकमगढ़, सागर, पन्ना से लेकर होशंगाबाद, छिंदवाड़ा, बैतुल, भोपाल, विदिशा, गुना, ग्वालियर इन सभी जगहों में और नीमच, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, धार, देवास, खरगोन इन सभी भागों में भीषण गर्मी पडऩे वाली है।

मप्र में 15 जून तक दस्तक देगा मानसून

मौसम विभाग की माने तो आज अंडमान-निकोबार में पहली बारिश होने की संभावना है। जिसकी वजह से 15 जून तक मानसून मध्य प्रदेश में दस्तक दे सकता है। जबलपुर सहित संभाग के जिलों में आने वाले दिनों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में आए असानी साइक्लोन की वजह से मध्य प्रदेश में भी प्री-मानसून दस्तक दे सकता है। प्री मानसून का असर भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों में ज्यादा देखने को मिलेगा। प्री मानसून शुरू होने के बाद इंदौर में गर्मी का आखिरी दौर रहेगा, लेकिन लू नहीं चलेगी। 28 मई के बाद प्री मानसून की गतिविधियां बढऩे लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *