New Chief Minister : डॉ. साहा ने कहा- बिप्लब के अधूरे कार्य पूरे होंगे

अगरतला, 15 मई (हि.स.)। त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को शपथ लेने वाले डॉ. मानिक साहा ने कहा है- ‘मैंने पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के अधूरे कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। त्रिपुरा के लोगों के कल्याण के लिए हर तरह की पहल की जाएगी। मैं त्रिपुरा को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाऊंगा। मैंने त्रिपुरा की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया है। सबको साथ लेकर आगे बढ़ूंगा।’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनके सामने कोई चुनौती नहीं है। सभी समस्याओं का समाधान मिलकर किया जाएगा। विकास पहला और एकमात्र लक्ष्य है। शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने कहा कि डॉ. साहा संगठन चलाने में माहिर रहे हैं। अब वे मुख्यमंत्री के रूप में अपना हुनर दिखाएंगे।

पूर्व कैबिनेट सदस्य रतन लाल नाथ ने कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। नए मुख्यमंत्री त्रिपुरा के विकास के लिए और अधिक जोश के साथ काम करेंगे। एक अन्य पूर्व कैबिनेट सदस्य प्रणजीत सिंह रॉय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव के राज में त्रिपुरा ने अभूतपूर्व प्रगति की है। नए मुख्यमंत्री विकास की उस प्रवृत्ति को और आगे बढ़ाएंगे। देव कैबिनेट के एक अन्य सदस्य सुशांत चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर त्रिपुरा को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए काम करेंगे।

राज्य की कमान संभालने के बाद डॉ. साहा ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब सहित सभी विधायकों का आभार जताया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किसन रेड्डी, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाबिया, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अखिल भारतीय महासचिव बीएल संतोष ने डॉ. साहा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है।

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व कैबिनेट के सदस्य, त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, राज्य की एकमात्र सांसद, केन्द्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा के शीर्ष नेता, सहयोगी दल के विधायक, भाजपा विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। अगरतला पौर निगम के सभी पार्षदों ने भी हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *