राजकीय सम्मान के साथ होगा शिवकुमार शर्मा का अंतिम संस्कार, सीएम उद्धव का निर्देश

मुंबई, 10 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संगीतकार पद्म विभूषण पंडित शिवकुमार शर्मा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने संतूर वादक शर्मा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।

मशहूर संगीतकार और संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा का मंगलवार की सुबह में कार्डियक अरेस्ट के कारण मुंबई में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। वह पिछले छह महीने से किडनी संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे और डायलिसिस पर थे। वे मुंबई में राजीव आप्स, जिग जैग रोड, पाली हिल, बांद्रा में रहते थे। बॉलीवुड में ”शिव-हरी” नाम से मशहूर शिव कुमार शर्मा और हरि प्रसाद चौरसिया की जोड़ी ने कई सुपरहिट गानों में संगीत दिया था।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय संगीत के एक सम्मानित युग का अंत हुआ है। पंडित शर्मा और संतूर वाद्य का अटूट संबंध रहा है। संतूर को उनके नाम से जाना जाता था। पंडित शर्मा के संतूर वादन और उनकी अलौकिक आवाज ने न केवल भारतीयों बल्कि दुनिया को मंत्रमुग्ध कर दिया। जम्मू-कश्मीर को धरती का स्वर्ग लोक कहा जाता है। इसी भूमि से पंडित जी ने न केवल देश बल्कि दुनिया भर को संगीत की लहरों से रूबरू कराया। पंडित शर्मा का योगदान है कि संतूर पूरी दुनिया में पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संगीत क्षेत्र में पंडित शर्मा के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। शर्मा भारतीय संगीत के अग्रदूतों में से एक थे। उनके निधन से भारतीय संगीत पर गहरा असर पड़ा है। पद्म विभूषण पंडित शिवकुमार शर्मा जी को भावभीनी श्रद्धांजलि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *