War : यूक्रेन पर रूसी हमले से तेल की कीमतें बढ़ीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने जताई चिंता

न्यूयॉर्क, 6 मई (हि.स.)। यूक्रेन पर रूस के हमले से तेल की कीमतें बढ़ गयी हैं और यह स्थिति लगातार चिंताजनक हो रही है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने इस पर चिंता जताई है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद खाद्य व तेल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि दो देशों के बीच संघर्ष व्यापक क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभाव डाल रहा है। तिरुमूर्ति ने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध से तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। खाद्यान्न और उर्वरकों की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है। इसका सर्वाधिक प्रतिकूल प्रभाव विकासशील देशों पर पड़ रहा है। इसी तरह ऊर्जा सुरक्षा समान रूप से एक गंभीर चिंता है और सभी के प्रयासों के माध्यम से ठीक करने की जरूरत है।

तिरुमूर्ति ने एक बार फिर दोहराया कि यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष की शुरुआत से ही भारत शांति, संवाद और कूटनीति के पक्ष में रहा है। भारत का स्पष्ट मानना है कि खून बहाकर और निर्दोष जीवन की कीमत पर कोई समाधान नहीं निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे संघर्ष के कारण न सिर्फ लोगों की जानें गयी हैं, करोड़ों लोग परेशान हुए हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रति चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि लाखों लोग बेघर और आसपास के देशों में शरण लेने के लिए मजबूर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *