रांची, 04 मई (हि.स.)। झारखंड अंडर-15 बालक फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं बालिका फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल रांची के खेलगांव स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम में 17 मई को आयोजित होगा। यह जानकारी बुधवार को झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 2007, 2008, एवं 2009 की जन्मतिथि वाले खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को चयन ट्रायल, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपने साथ पंचायत या नगर परिषद द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र की मूल एवं छाया प्रति और अपना पासपोर्ट साइज फ़ोटो साथ में लाना अनिवार्य होगा।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले पहलवान 27 से 29 मई तक रांची खेलगांव में ही आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ियों एवं सपोर्टिंग स्टाफ को कोविड-19 के नियमों का पालन करना होगा।
