TMC: त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस की पूर्ण राज्य कमेटी घोषित, राजीव बने रहेंगे प्रभारी, सुबल भौमिक अध्यक्ष मनोनीत

अगरतला, 29 अप्रैल (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस ने आखिरकार त्रिपुरा की पूर्ण राज्य कमेटी की घोषणा कर दी है। राजीव बनर्जी त्रिपुरा के प्रभारी बने रहेंगे। सुबल भौमिक को त्रिपुरा में तृणमूल अध्यक्ष का दायित्व दिया गया है।

शुक्रवार को तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी की अनुमति से पार्टी ने त्रिपुरा में 132 सदस्यीय राज्य कमेटी की घोषणा कर दी है। तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में कहा है कि मार्च 2023 में त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव कराने के लिए पूर्ण राज्य कमेटी का गठन किया गया है। पश्चिम बंगाल के पूर्व विधायक राजीव बनर्जी त्रिपुरा के प्रभारी के रूप में बने रहेंगे और सुबल भौमिक को राज्य अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।इस बीच छह सदस्यीय कोर कमेटी में सांसद सुष्मिता देव, भाजपा के पूर्व विधायक आशीष दास, भृगुराम रियांग, आशीष लाल सिंह, मामन खान और प्रदेश अध्यक्ष सुबल भौमिक शामिल हैं।

तृणमूल का दावा है कि त्रिपुरा में महिला केंद्रित मुद्दों के समाधान के लिए राज्य कमेटी में 27 महिला सदस्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा राज्य कमेटी में अनुसूचित जाति के 16, अनुसूचित जनजाति के 18 और ओबीसी के 32 सदस्य हैं। त्रिपुरा के लिए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की नवगठित कमेटी में मुस्लिम समुदाय के 14 प्रतिनिधि भी हैं। कोर कमेटी के सदस्यों के अलावा सभी शाखा संगठनों के अध्यक्ष भी कोर कमेटी के पदेन सदस्य के रूप में काम करेंगे। 132 सदस्यीय राज्य कमेटी में 8 उपाध्यक्ष, 5 महासचिव, 14 सचिव, 7 संयुक्त सचिव और 72 कार्यकारी सदस्य हैं।

इस बीच तृणमूल युवा और महिला कांग्रेस का भी गठन हो गया है। युवा तृणमूल प्रदेश अध्यक्ष शांतनु साहा और तृणमूल महिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना देव को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने संजय कुमार दास को एससी सेल के नेता और मालिन जमातिया को एसटी सेल के नेता के रूप में चुना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *