EVM : ईवीएम भारतीय चुनावों का गौरव : मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने शुक्रवार को कहा कि ईवीएम भारतीय चुनावों का गौरव हैं।

दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 2004 से सभी चुनावों में ईवीएम का उपयोग किया गया है और अब तक 350 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने इनपर अपना विश्वास व्यक्त किया है। 4 आम चुनावों और 37 विधानसभा चुनावों में ईवीएम के माध्यम से लोगों ने अपना वोट डाला है।

सुशील चंद्रा ने चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे के साथ शुक्रवार को दिल्ली के बख्तावरपुर में एकीकृत चुनाव परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती और उन्होंने अपनी विश्वसनीयता स्थापित करते हुए सटीक और समय पर परिणाम दिए हैं।

उन्होंने कहा कि 2019 के आम चुनावों के बाद से शुरू किए गए वीवीपैट ऑडिट ट्रेल ने ईवीएम की विश्वसनीयता को और स्थापित किया है और ईवीएम में डाले गए वोटों और वीवीपैट पर्चियों की गिनती में कोई बेमेल नहीं पाया गया है।

दिल्ली चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार दिल्ली में मतदान प्रतिशत कम था। दिल्ली देश की राजधानी है यहां एक बड़ी शिक्षित आबादी है। फिर भी मतदान में कमी है। हमें लोगों में जागरूकता फैलानी चाहिए। दक्षिणी दिल्ली में न्यूनतम मतदान हुआ। असम में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हो सकता है तो दिल्ली में 62.5 क्यों है?

डीईओ के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उन्हें मतदान बढ़ाने के लिए और अधिक ठोस प्रयास करने और लक्ष्य लेकर काम करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *