Ukraine : यूक्रेन पहुंचे संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने कहा, जारी रखेंगे मानवीय सहायता का काम

कीव, 28 अप्रैल (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान अपने शांति प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस यूक्रेन पहुंचे हैं। वे तुर्की और रूस की यात्रा कर यूक्रेन आए हैं। गुटेरेस ने यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्र का दौरा करते हुए चित्र ट्वीट किया और लिखा कि वे मॉस्को यात्रा पूरी कर यूक्रेन पहुंचे हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपनी यह यात्रा 25 अप्रैल को तुर्की से शुरू की थी। वहां उन्होंने राजधानी अंकारा में तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन से मुलाकात की थी। इसके बाद वे रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे थे। मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ बैठक में यूक्रेनी शहर मारियुपोल से नागरिकों को निकालने के लिए सैद्धांतिक सहमति भी बनी थी।

इस दौरान पुतिन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव को यूक्रेन संकट के पीछे 2014 के असंवैधानिक तख्तापलट को मुख्य कारण बताया था। उन्होंने डोनबास गणराज्यों के संप्रभुता की घोषणा के अधिकार की पैरवी भी की थी। गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र संघ, रूस और यूक्रेन के साथ तात्कालिक स्थितियों पर चर्चा के लिए एक संपर्क समूह बनाने का प्रस्ताव रखा था, ताकि मानवीय गलियारों को प्रभावी रूप में लागू किया जा सके।

रूस की यात्रा के बाद यूक्रेन पहुंचे गुटेरेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ मानवीय सहायता के विस्तार कार्य को जारी रखेगा। युद्ध क्षेत्र से नागरिकों के निकासी का काम भी नहीं रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि युद्ध जल्दी समाप्त होना चाहिए। जितनी जल्दी यह युद्ध समाप्त होगा, यूक्रेन, रूस और दुनिया के लिए उतना ही बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *