BJYM : भाजयुमो ने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने बुधवार को सामाजिक न्याय पखवाड़ा के समापन दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में भाजयुमो की सभी राज्य इकाइयों ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में विशेष महत्व वाले स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम देश के सभी जिलों में आयोजित किया गया था।

इन स्थानों पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। नए युवाओं से जुड़ने और उन्हें आजादी का अमृत महोत्सव के संदेश से अवगत कराने के लिए इन स्थानों पर देशभक्ति गीत और नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने इन आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लिया और सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और मातृभूमि के लिए उनके अमूल्य बलिदान को याद किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारतीय राजनीति में व्यावहारिक बदलाव और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की क्रांतिकारी व दूरदृष्टि पर सभी का ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के आदर्श वाक्य का पालन करके प्रत्येक भारतीय को सशक्त बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐतिहासिक संदर्भ में बदलती हुई सामाजिक-राजनीतिक स्थिति को समझना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने उत्तर प्रदेश के काकोरी स्मारक में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और वहां एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने देश के युवाओं से रे भूले हुए नायकों की महिमा को याद करने, प्रेरणा लेने और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को मजबूत करने के अभियान का नेतृत्व करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *