Missing : वकील गुणरत्न सदावर्ते को सातारा पुलिस ने किया गिरफ्तार, जयश्री पाटिल अनट्रेसेबल

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंसजों पर अपमानजनक व्यक्तव्य करने के मामले में गुरुवार को सातारा शहर पुलिस स्टेशन की टीम ने वकील गुणरत्न सदावर्ते को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनकी पत्नी वकील जयश्री पाटिल पिछले दो दिनों से अनट्रेसेबल हैं। जयश्री पाटिल पर एसटी महामंडल के कर्मचारियों से 80 लाख रुपये वसूलने का आरोप है और उसकी जांच मुंबई पुलिस कर रही है।

सातारा शहर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक भगवान सिंह निंबालकर ने बताया कि वर्ष 2020 में गुणरत्न सदावर्ते पर छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशजों के विरुद्ध अपमानजनक व्यक्तव्य करने पर मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में गिरफ्तार करने के लिए सातारा पुलिस स्टेशन की टीम ने गिरगांव सेशन कोर्ट में आवेदन दिया था। बुधवार को गिरगांव सेशन कोर्ट ने गुणरत्न सदावर्ते को आर्थर रोड से गिरफ्तार करने का आदेश दिया था, लेकिन रात हो जाने की वजह से गुरुवार को सुबह सातारा शहर पुलिस स्टेशन की टीम ने गुणरत्न सदावर्ते को गिरफ्तार कर शाम को सातारा लाई है। गुणरत्न सदावर्ते को शुक्रवार को पुलिस सातारा जिला कोर्ट में पेश करेगी।

इधर, मुंबई पुलिस ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के आवास पर हुए हमले के सिलसिले में वकील गुणरत्न सदावर्ते को 9 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच में पता चला है कि गुणरत्न सदावर्ते ने एसटी महामंडल के कर्मचारियों से उन्हें न्याय दिलाने के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये वसूले थे। इनमें 80 लाख रुपये उनकी पत्नी जयश्री पाटिल के पास पहुंचे हैं। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई पुलिस की टीम कर रही है। जबकि जयश्री पाटिल इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हो रही हैं, वे लगातार दो दिनों से अनट्रेसेबल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *