नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि भारत किसी भी प्रकार के सैन्य संघर्ष के खिलाफ है। यूक्रेन को लेकर भारत की स्थिति स्पष्ट है, हिंसा से किसी मुद्दे का समाधान नहीं हो सकता। आज के समय में कूटनीति और बातचीत से ही हर मुद्दे का समाधान निकलेगा। भारत हमेशा से शांति का पक्षधर रहा है।
विदेश मंत्री ने यूक्रेन पर हुए घटनाक्रम के बारे में लोकसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति प्रतिबद्धता और सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता एवं संप्रभुता के सम्मान के सिद्धांतों के अनुसार विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर देता है।
