लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। कोई भी खिलाड़ी केवल अपने लिए नहीं, अपने देश के लिए खेलता है। यह बहुत कुछ संदेश देकर जाता है। ये आयोजन जिन महानुभावों की स्मृति में होते हैं, वे आत्माएं भी प्रफुल्लित होती हैं। आज निश्चय ही केडी सिंह बाबू की आत्मा भी सोच रही होगी कि जो भी उन्होंने सोचा था, उसे उनकी भावी पीढ़ी आगे बढ़ा रही है।
ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। वे आल इंडिया केडी सिंह बाबू मेमोरियल (अंडर-14) प्राइज मनी हाकी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे। आज यूपी ग्रेस और फ्लीकर ब्रदर्स हरियाणा के बीच हुए फाइनल मैच के बाद समापन समारोह का आयोजन किया गया था। यह मैच पहले ड्रा हो गया। इसके बाद शुट आउट मैच में फ्लीकर ब्रदर्स हरियाणा ने पांच-तीन से जीत लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केडी सिंह बाबू ने प्रदेश को गौरव बढ़ाया। उप्र के पहले खेल निदेशक के रूप में भी उन्होंने बहुत योगदान दिया। उनके जन्म शताब्दी वर्ष में जुड़ रहे हैं। यह उनके प्रति एक श्रद्धाजंलि है। उन्होंने अपने समय में खिलाड़ियों को बहुत प्रोत्साहित किया। हाकी हमारा राष्ट्रीय खेल है। इसके लिए हमने पहला खेल विश्वविद्यालय हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर ही बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्ष तक कोरोना के कारण खेल गतिविधियों में कठिनाई आयी थी लेकिन इसके बावजूद भी हमने रास्ता निकाला और इसी का परिणाम रहा कि टोक्यो ओलम्पिक में हमारे खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस दौरान खेल निदेशक आरपी सिंह सहित तमाम उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
