Wrestling : राष्ट्रीय कुश्ती में मप्र अकादमी की बेटियों ने जीते दो रजत पदक

भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार के पटना में 29 से 31 मार्च, 2022 तक आयोजित जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में मप्र राज्य कुश्ती अकादमी की दो खिलाड़ी बेटियों ने एक-एक रजत पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

खेल विभाग ने गुरुवार को बताया कि राज्य अकादमी की कुश्ती खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापत ने 50 किलोग्राम भारवर्ग तथा छाया पटेल ने 55 किलोग्राम भारवर्ग में एक-एक रजत पदक अर्जित किया है। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की कुश्ती अकादमी की चार बालिका एवं तीन बालक खिलाड़ी शामिल हुए थे।

प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक अर्जित करने वाली खिलाड़ी बेटियों प्रियांशी प्रजापत और छाया पटेल को बधाई दी है। मप्र राज्य कुश्ती अकादमी के खिलाड़ी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक, द्रोणाचार्य अवार्डी महासिंह राव के मार्गदर्शन में कुश्ती खेल की बारीकियां सीख रहे हैं।

कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों की उपलब्धियां

मप्र राज्य कुश्ती अकादमी की स्थापना जुलाई, 2007 में की गई। स्थापना से अब तक कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 16 स्वर्ण, 67 रजत और 116 कांस्य पदक तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 3 रजत और 5 कांस्य पदक अर्जित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *