MP Hema Malini : ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा निर्माण की सांसद हेमा मालिनी ने केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री को सौंपा प्रस्ताव

मथुरा, 29 मार्च (हि.स.)। ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा के निर्माण के लिये मंगलवार सांसद हेमा मालिनी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को विस्तृत प्रस्ताव सौंपा जिस पर निर्माण की मंजूरी दे दी गई है। इस दौरान सांसद के साथ तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब हो कि, सांसद हेमामालिनी ने ब्रज में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग, एलीवेटेड रोड और गोवर्धन कनेक्ट जैसी परियोजनाओं के क्रियान्वयन की केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मांग की थी।

मंगलवार को केंद्रीय मंत्री के दिल्ली कार्यालय में हुई इस मुलाकात में सांसद ने अवगत कराया कि ब्रज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म एवं लीलास्थली होने के कारण पावन तीर्थ है। ब्रज को भगवान श्रीकृष्ण का निवास स्थल माना जाता है। ब्रज के लीला स्थल एवं पर्व पर्यटकों के आस्था के केन्द्र हैं। लीलास्थलों के दर्शन करने एवं पर्वों/उत्सवों में भाग लेने करोड़ों की संख्या में वर्ष-भर यात्रियों का आगमन होता है। ब्रज क्षेत्र की पर्यटन महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए ब्रज चौरासी कोस परिकमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये जाने के लिए सैद्धान्तिक सहमति हो चुकी है।

सांसद ने मांग की कि इस परियोजना का शीघ्र कियान्वयन कराया जाए, ताकि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के पड़ाव स्थलों का भी विकास हो सके। इसके बाद ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को राष्ट्रीय राजमार्ग-108 के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा ब्रज तीर्थ पथ परियोजना के तहत दो मार्गों को लेकर भी सांसद ने केंद्रीय मंत्री से विचार विमर्श किया। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास कार्य के लिए 5 हजार करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है।

सांसद के साथ तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, एमबीडीए उपाध्यक्ष नागेन्द्र प्रताप, राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारी सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *