Maharashtra : महाराष्ट्र में भीषण गर्मी की दस्तक, पारा 42 डिग्री के पार

मुंबई, 28 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र में मार्च महीने में ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में अगले 4-5 दिनों के दौरान भीषण गर्मी और हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार विदर्भ, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हीट वेव चलने की संभावना है। जलगांव, अहमदनगर, औरंगाबाद, जालना, परभणी, हिंगोली, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, चंद्रपुर, वाशिम, यवतमाल में हीट वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जनता को सुझाव दिया गया है कि गर्मी से खुद का बचाव करें, हल्के कॉटन के कपड़े पहनें और सिर ढंक कर रखें। जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें। राज्य के अन्य हिस्सों पर गौर करें तो पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। सोमवार को अकोला जिले में सबसे अधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य में मार्च महीने के अंतिम दिन तक प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि एक और दो अप्रैल को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन उसके बाद गर्मी और तापमान के बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मार्च महीने में ही गर्मी की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मार्च आखिर में गर्मी का ये हाल तो मई और जून महीने में क्या हाल होगा, लोग इसे लेकर सकते में हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मुंबई में अगले हफ्ते गर्मी का पारा 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। सोमवार को कुलाबा में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में लोग उमस से परेशान रहे तो दिन में सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आगामी रविवार और सोमवार को पारा अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना व्यक्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *