Nagpur : नागपुर: तीन इमारतों की फोटोग्राफी पर प्रतिबंध, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

नागपुर, 27 मार्च (हि.स.)। नागपुर में संघ मुख्यालय, रिजर्व बैंक और एयरपोर्ट बिल्डिंग की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ज्वॉइंट पुलिस आयुक्त ने 26 मार्च को इस बारे में आदेश जारी किया है। नागपुर में आतंकियों के स्लीपर सेल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इमारत के साथ अन्य स्थानों की रेकी की थी। इसे देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से ताजा फैसला लिया गया है।

कश्मीर में सक्रिय आतंकियों के स्लीपर सेल ने जून 2021 में नागपुर स्थित संघ मुख्यालय और अन्य जगहों की रेकी की थी। कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के मददगारों को गिरफ्तार किया था। जांच में यह मामला सामने आया कि इन स्लीपर सेल ने नागपुर जाकर संघ बिल्डिंग और अन्य स्थानों की रेकी की थी। इस बारे में नागपुर पुलिस को तुरंत आगाह किया था। इस मामले की जांच नागपुर क्राइम ब्रांच, एटीएस और एनआईए संयुक्त रूप से कर रही है।

अब इस मामले में पुलिस ने संघ मुख्यालय समेत एयरपोर्ट, आरबीआई बिल्डिंग की फोटो और वीडियोग्राफी पर रोक लगा दी है। अगर कोई व्यक्ति ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर अस्वती दोरजे ने 26 मार्च को यह आदेश जारी किया है।

पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि रेकी का मामला संज्ञान में आने के बाद नागपुर पुलिस हाई अलर्ट पर है। कमिश्नर ने कहा कि बम विस्फोट, गोलीबारी, विस्फोट, आत्मघाती हमले जैसे आतंकवादी हमलों को विफल करने के लिए नागपुर पुलिस तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *