उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित बैलेस्टिक मिसाइल दागकर दुनिया को दी बड़ी चुनौती

प्योंग्यांग, 24 मार्च (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे महायुद्ध के बीच पूरी दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। इसी दौरान उत्तर कोरिया ने भी दुनिया को बड़ी चुनौती दी है। उत्तर कोरिया ने गुरुवार को प्रतिबंधित अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल दाग दी। इसे लेकर दुनिया भर में चिंता के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए सवाल भी खड़े हुए हैं।

गुरुवार को दक्षिण कोरिया की ओर से दावा किया गया कि उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल दाग दी है। ऐसे मिसाइल परीक्षण पर वर्ष 2017 में रोक लगाई गयी थी। 2017 के बाद पहली बार उत्तर कोरिया ने यह कदम उठाया है। मिसाइल दागे जाने के बाद एक घंटे से अधिक समय तक यात्रा करने के बाद जापान के समुद्र में गिरी।

जापान के अधिकारियों का मानना है कि यह बैलेस्टिक मिसाइल लगभग 1100 किलोमीटर चली होगी। उनके मुताबिक यह मिसाइल जापान के समुद्र में गिरने से पहले छह हजार किलोमीटर से अधिक ऊंचाई तक पहुंच गयी थी। सामान्यत: यह बैलेस्टिक मिसाइल निश्चित रास्ते पर चलते हुए हजारों किलोमीटर तक की यात्रा कर सकती है। इस तरह अब अमेरिका भी उत्तर कोरिया के मिसाइल आक्रमण की परिधि में शामिल हो गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण की रफ्तार अचानक बढ़ा दी है। अब प्रतिबंधित मिसाइल का परीक्षण कर उत्तर कोरिया ने पूरी दुनिया को चुनौती दी है। अब अंतर महाद्वीपीय मिसाइलों के परीक्षण की नयी प्रतिस्पर्द्धा शुरू होने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *