Meenakshi Lekhi : रूस और अमेरिका दोनों के साथ भारत के घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंधः मीनाक्षी लेखी

नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी का कहना है कि भारत के अमेरिका और रूस दोनों के साथ घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और यह अपने बलबूते पर हैं।

विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने गुरुवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि भारत ने यूक्रेन में चल रहे संघर्ष के सम्बंध में तत्काल हिंसा रोके जाने और कूटनीति व बातचीत के रास्ते पर लौटने का आह्वान किया है।

मीनाक्षी लेखी ने यह भी बताया कि सरकार ने मौजूदा तनाव की स्थिति में यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की वापसी और निकासी को सुविधाजनक बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। भारत सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप एक फरवरी 2022 से अब तक 22 हजार 500 भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित स्वदेश लाया गया है।

उल्लेखनीय है कि भारत ने रूस के यूक्रेन पर हमले को लेकर किसी का पक्ष नहीं लिया है। भारत ने विभिन्न मंचों से तत्काल हिंसा समाप्ति का आह्वान किया है और बातचीत के जरिए समाधान खोजने की बात कही है। रूस के खिलाफ प्रस्ताव में भारत ने अमेरिका का साथ नहीं दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *