टेनिस जगत ने एश्ले बार्टी को दी भविष्य के लिए शुभकामनाएं

कैनबरा, 23 मार्च (हि.स.)। टेनिस जगत ने बुधवार को पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने वाली विश्व की नंबर 1 महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

बार्टी ने महज 25 साल की उम्र में टेनिस से संन्यास की घोषणा की। वह लगातार 114 हफ्तों तक डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष पर रहीं।

शेल्बी रोजर्स, जिन्होंने 2021 यूएस ओपन में बार्टी को हराया था, ने ट्विटर पर लिखा,”एक महान खिलाड़ी। कोर्ट पर और बाहर अविश्वसनीय प्रेरणा। मुझसे मिले अब तक के सबसे अच्छे इंसानों में से वह एक हैं। हमारी नंबर 1! शुभकामनाएँ एश्ले बार्टी।”

भारतीय टेनिस स्टार और ग्रैंड स्लैम चैंपियन सानिया मिर्जा ने लिखा, ” एक दिग्गज खिलाड़ी बार्टी .. टेनिस आपको याद करेगा .. कोर्ट पर और बाहर अविश्वसनीय रोल मॉडल .. अगले चरण के लिए शुभकामनाएँ।”

पूर्व विश्व नंबर एक और ग्रैंड स्लैम चैंपियन सिमोना हालेप ने कहा, “ऐश,मेरी दोस्त, मैं आपको हमेशा याद करूंगी, आप अलग और खास हैं, हमने कुछ अद्भुत क्षण साझा किए हैं। आपकी आगे की योजना क्या है? गोल्फ में ग्रैंड स्लैम चैंपियन ?! खुश रहें और अपने जीवन का अधिकतम आनंद लें।”

बार्टी के हमवतन डायलन अल्कॉट, जिन्हें 2022 में ऑस्ट्रेलियन ऑफ द ईयर नामित किया गया था, ने भी इस सीज़न में संन्यास ले लिया है, ने कहा, “बार्टी। अद्भुत टेनिस खिलाड़ी लेकिन उससे भी बेहतर इंसान। शब्द के हर मायने में एक चैंपियन। आप पर बहुत गर्व है दोस्त।”

बता दें कि बार्टी ने करियर में तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। उन्होंने सबसे पहले 2019 में रोलां गैरो (फ्रेंच ओपन) खिताब जीता था। इसके बाद 2021 में विम्बलडन चैम्पियन बनीं। तीसरा ग्रैंड स्लैम इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था। बार्टी टेनिस के अलावा गोल्फ, नेटबॉल और क्रिकेट भी खेलती है। वह प्रोफेशनल तौर पर महिला बीग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में भी खेल चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *