Uttarakhand CM : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक होगा: दुष्यंत कुमार गौतम

देहरादून, 22 मार्च (हि.स.)। इस बार का उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक होगा। जनमानस के बल पर मिले प्रचंड बहुमत को यादगार बनाने के लिए सरकार और पार्टी की ओर से हर बेहतर संदेश के साथ कार्य किया जाएगा। शपथ में भाजपा शासित मुख्यमंत्री के अलावा बड़ी संख्या में केन्द्रीय मंत्री के साथ साधु संत, आम जन की मौजूदगी गवाह बनेगा।

मंगलवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का शपथ ग्रहण समारोह का क्षण ऐतिहासिक होगा। उत्तराखंड की मातृशक्ति और जनमानस ने भारतीय जनता पार्टी को जो अभूतपूर्व समर्थन दिया है उसका जितना आभार व्यक्त किया जाए वह कम है। इसी जनमानस के बल पर प्रचंड बहुमत की सरकार आई है। इसके लिए हम उत्तराखंड की मातृशक्ति आंदोलनकारी, आम जनमानस के प्रति कृतज्ञ हैं।

उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के लिए देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री व तमाम केंद्र मंत्री शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही मंडल स्तर तक के प्रबुद्ध जन, साहित्यकार, चिकित्सक, अधिवक्ता तथा विभिन्न वर्गों के विशिष्ट जन शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने जो जनता से वादा किया है उसे पूर्ण करने की दिशा में शपथ ग्रहण के बाद से ही जुट जाएंगे। हमें सभी वर्गों का आशीर्वाद मिला है ऐसे में उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी हमारा नैतिक दायित्व भी बन गया है। आने वाले समय में उत्तराखंड विकास की नई पटकथा लिखेगा। इसके पीछे जनता का मिला अपार सहयोग मुख्य कारक बनेगा।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रातः काल 7 बजे से सभी मंदिरों और गुरुद्वारों में विशेष पूजा अर्चन का कार्य किया जायेगा। जिसमें हमारे कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल,मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।

देर सायं परेड ग्राउंड में प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शपथ ग्रहण समारोह स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, ज्योति गैरोंला,पुष्कर सिंह काला मनवीर सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *