Jal Jeevan Mission : सेनेगल में चल रहे वर्ल्ड वाटर फोरम में भारत के जल जीवन मिशन की चर्चा

जोधपुर/ डकर/नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। सेनेगल की राजधानी डकर में चल रहे नौवें वर्ल्ड वाटर फोरम 2022 में भारत के जल जीवन मिशन की चर्चा हो रही है।

फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि वैश्विक नेताओं को यह जानकर अच्छा लगा कि भारत जल जीवन मिशन जैसे अभियानों को जन आंदोलन के रूप में दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचा रहा है।

मंगलवार को वर्ल्ड वाटर फोरम के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने डकर स्थित भारतीय दूतावास में यहां के व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलते और आत्मनिर्भर होते भारत के संदर्भ में संवाद किया। शेखावत ने बताया कि भारत और सेनेगल के आपसी संबंधों के अलावा संबंधित मुद्दों तथा व्यापार व तकनीकी पर विमर्श किया। यह दिन काफी सुखद गुजरा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फोरम के दौरान दुनियाभर से आए नेताओं व नीति निर्माताओं से पानी के अलावा अन्य विषयों पर भी विमर्श हुआ। इस समय विश्व हमारे देश में जल संरक्षण, संवर्धन और वितरण को लेकर क्रियान्वित आम जनजीवन को ऊंचा उठाती योजनाओं से प्रभावित है।

विश्व जल दिवस पर केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मात्र ढाई साल में छह करोड़ घरों में पानी का नल पहुंचा दिया है। नए भारत की जल क्रांति में केंद्र सरकार के सहयोगी बनिए। भारत को जल समृद्ध बनाने के जन आंदोलन में मोदी का हाथ बंटाइए। विश्व जल दिवस पर जल के सदुपयोग और संरक्षण की शपथ लीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *