Home Minister Amit Shah : निगम कर्मचारियों को नियमित करने के लिए सीएम केजरीवाल ने गृह मंत्री शाह को लिखा पत्र

नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली में आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने दांव पेंच शुरु कर दिए हैं। इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली नगर निगम के आरएमआर(नियमित मस्टर रोल) कर्मचारियों को नियमित करना के आग्रह किया है।

सीएम केजरीवाल ने मंगलवार को गृह मंत्री को लिखे पत्र में उनसे अनुरोध किया कि ग्रुप सी के मसौदा भर्ती नियमों के शीघ्र अनुमोदन के लिए गृह मंत्रालय आवश्यक निर्देश जारी करे। जिससे नियमित मस्टर रोल कर्मचारियों को नियमित दिल्ली नगर निगम का कर्मचारी बनाया जा सके और उनकी लंबे समय से लंबित शिकायतों का समाधान हो सके।

उल्लेखनीय है कि राजधानी दिल्ली के तीनों निगम को एक करने के बिल पर मंगलवार को मोदी कैबिनेट ने मुहर लगाई है। संसद में इस बिल के पास होने के बाद तीनों निगम एक हो जाएंगे और पूरी दिल्ली में एक ही मेयर होगा।

दिल्ली निगम में मार्च में चुनाव होने थे, लेकिन केन्द्र सरकार ने राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनाव पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। केन्द्र सरकार का तर्क था कि तीनों निगमों के एकीकरण के बाद चुनाव कराए जाएं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निगम चुनाव को टालने को लेकर भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने अपने बयान में कहा कि हार के डर से भाजपा सरकार निगम चुनाव को टाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *