भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ पहुंचे देहरादून

बैठक को लेकर पार्टी मुख्यालय पहुंचे विधायक

देहरादून, 21 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड की विधानमंडल दल की बैठक को लेकर पार्टी राजधानी देहरादून स्थित मुख्यालय बलबीर रोड पर सोमवार को विधायकों और सांसदों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, मीनाक्षी लेखी और चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी आज दोपहर बाद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर प्रदेश प्रभारी और मदन कौशिक सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नामों को लेकर कौतूहल बना हुआ है। बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय में सुबह ही तैयारियां पूरी कर ली गईं थीं। सभी के बैठने से लेकर मुख्यालय प्रवेश के लिए नामों की सूची बनाई गई ताकि भीड़ अधिक न हो। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मुस्तैद है। एक के बाद एक पार्टी पदाधिकारी कार्यालय पहुंच रहे हैं।

संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कुलदीप कुमार सहित वरीय पदाधिकारी व्यवस्था को जांचते परखते रहे। कुछ देर बाद प्रदेश अध्यक्ष मदन विधानसभा कौशिक विधानसभा में शपथ लेने के बाद पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बैठक तैयारी को जाना।

केंद्रीय पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी विधायकों के साथ मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बैठक लेंगे। सांसद,विधायकों को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में विधायक, सांसद शामिल होने के लिए पहुंचने लगे हैं।

भाजपा में कई दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस आज खत्म होने की बात की जा रही है। इसमें पार्टी हाईकमान के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री के नाम पर एलान कर संस्पेंस को खत्म कर दिया जाएगा।आज मुख्यमंत्री के नाम का पार्टी की ओर से ऐलान हो सकता है।

नए मुख्यमंत्री के लिए कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, ऋतु खंडूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, सांसद अनिल बलूनी के नाम चर्चा चल रही है।

इससे पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राजनाथ सिंह और विदेश राज्य मंत्री व सह पर्यवेक्षक मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय मंत्री चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी को पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद नरेश बंसल ने गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *