Venkaiah Naidu : उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज दो दिवसीय यात्रा पर सिक्किम पहुंचेंगे

राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे

गंगटोक, 11 मार्च (हि.स.)। देश के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर सिक्किम पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति नायडू वर्तमान में पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे पर हैं। वे आज मिजोरम से बागडोगरा एयरपोर्ट (पश्चिम बंगाल) पहुंचेंगे, जहां से भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर उन्हें लेकर राजधानी गंगटोक के लिविंग स्थित सेना के हेलीपैड पर पहुंचेगा।

सिक्किम की अपनी यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति नायडू कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। उपराष्ट्रपति राजधानी के सम्मान भवन में आयोजित होने वाले एक समारोह के दौरान वर्चुअल माध्यम से कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।

कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण दक्षिण सिक्किम के तिमी नामफिंग निर्वाचन क्षेत्र के तार्कु में किया जाएगा। विश्वविद्यालय के लिए 17 एकड़ जमीन खरीदी जा चुकी है। करीब 600 करोड़ की लागत से बनने वाले राज्य विश्वविद्यालय की इमारत को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है।

इस मौके पर राज्य विश्वविद्यालय के लिए तार्कु में प्रस्तावित भूमि पर एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। उपराष्ट्रपति वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा उपराष्ट्रपति नायडू राजभवन में स्थापित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे। वह हाल ही में यूक्रेन से लौटे सिक्किम के छात्रों के साथ बातचीत और विभिन्न संघ संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की सिक्किम की पिछली तीन यात्राएं खराब मौसम के कारण रद्द हो गई थी। वे शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *