विस चुनाव 2022 : चार राज्यों में भाजपा की बढ़त, पंजाब में ‘झाडू’ की रफ्तार तेज

नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा विधानसभा चुनाव परिणामों के लिए चल रही मतगणना में शुरुआती दो घंटे की गिनती में जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार राज्यों में और आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में आगे चल रही है। वहीं, कई दलों के दिग्गज नेता अबतक के रुझान में पीछे चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथु और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों चमकौर साहिब और भदौर से पीछे चल रहे हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के शीर्ष नेता प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, उत्तराखंड में कांग्रेस से शीर्ष नेता हरीश रावत भी अपनी-अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी-अपनी सीटों पर अबतक आये रुझानों में पीछे चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश से आ रहे रुझानों के मुताबिक, सूबे की 403 सीटों में 200 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। जबकि समाजवादी पार्टी 77, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 4, कांग्रेस 4 और अन्य दो सीटों पर आगे हैं।

उत्तराखंड में अबतक के रुझानों में भाजपा सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। वह राज्य की 70 सीटों में से 39 पर बढ़त बनाये हुये है। 21 सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं खटीमा सीट से पीछे चल रहे हैं।

वहीं, गोवा की 40 सीटों में से भाजपा 21, कांग्रेस 12, तृणमूल कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही है। पंजाब की 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी भारी बढ़त के साथ आगे बढ़ रही है। आम आदमी पार्टी 83, कांग्रेस 17, भाजपा 5, शिरोमणि अकाली दल 10 सीटों पर बढ़त बनाये हुये है। उधर, मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों में भाजपा 29 और कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *