BJP Vinod Tawde : पांच राज्यों में भाजपा की सरकार बननी तय : विनोद तावड़े

पटना, 09 मार्च (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने प्रदेश कार्यालय में बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में भाजपा की सरकार बननी तय है। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार एवं भाजपा शासित राज्यों के कार्यों से प्रभावित होकर लोगों ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है।

विनोद तावड़े ने उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने राज्यों को मजबूती प्रदान करने में खासकर कोरोना महामारी से निजात दिलाने के लिए मुफ्त टीकाकरण एवं मुफ्त राशन देकर देश की जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनायी है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में देश को विश्व के पटल पर महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है। भारत पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में विकास की गति को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की जनता ने फिर से कमल पर मुहर लगाया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में भाग लेने वाले बिहार के सभी कार्यकर्ताओं ने सराहनीय कार्य किया है। वे सभी कार्यकर्ता सम्मान के हकदार हैं। बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने सांगठनिक अनुभव से उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता एवं आमजनों में अपनी पहचान बनायी है।

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हम सबों को गर्व महसूस होता है । वे सभी कार्यकर्ता अपने घर परिवार को छोड़कर दूसरे प्रदेश में जाकर वहां के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का कार्य किया है ।भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने कहा कि बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बिहार के गौरव को बढ़ाने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *