Russian Attack: रूसी हमले का दसवां दिन: यूक्रेन की राजधानी कीव और चेर्निहाइव पर हवाई हमले की तैयारी

कीव, 05 मार्च (हि.स.)। यूक्रेन पर हमले के दसवें दिन भी रूस की आक्रामकता कम होती नजर नहीं आ रही है। शनिवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और प्रमुख शहर चेर्निहाइव में हवाई हमले की तैयारी की जा रही है। यूक्रेन सरकार ने इन शहरों के लोगों को अलर्ट जारी कर सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा है।

यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार भयावह होता जा रहा है। यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव को तबाह करने के बाद अब रूसी सेना राजधानी कीव को निशाने पर ले रही है। कीव के आसपास रूसी सेना का डेरा है। इनसे यूक्रेनी सैनिक कड़ा मुकाबला कर रहे हैं। रूस अब कीव और चेर्निहाइव पर एक साथ हवाई हमले की तैयारी में है। इसका मकसद यूक्रेनी सेना पर और दबाव बनाना है।

यूक्रेन प्रशासन ने दोनों शहरों कीव और चेर्निहाइव में हवाई हमला का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां रह रहे लोगों को बंकरों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। इस बीच यूक्रेन के शहर सूमी की गलियों में लड़ाई शुरू होने की सूचना है। स्थानीय निवासियों को घर पर रहने या सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसने पूर्वी यूक्रेन में आइदर बटालियन पोस्ट को ड्रोन हमले में तबाह कर दिया है। यूक्रेन के मीडिया का दावा है कि रूस अब तक यूक्रेन पर 500 से अधिक मिसाइल दाग चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *