कस्टडी से भाग रहे उल्फा (स्व) के भर्ती ग्रुप कैडर को पुलिस ने मारी गोली, घायल

चराईदेव (असम), 4 मार्च (हि.स.)। पुलिस कस्टडी से भाग रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (उल्फा) स्वाधीन (स्व) के भर्ती विंग का कैडर पुलिस की गोली से गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल को डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कालेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चराईदेव पुलिस ने शुक्रवार को बताया है कि सोनारी थाना में दर्ज एक केस में आरोपित सूरज गोगोई (34), बेतबारी, तमुलीबाजार चांगमाई गांव, शिवसागर को उल्फा (स्व) में युवाओं की भर्ती करने के आरोप में बीती रात गिरफ्तार किया गया था। आरोपित को देर रात जब स्वास्थ्य जांच के लिए पुलिस सदर अस्पताल ले जा रही थी, तभी उसने पुलिस टीम पर हमला कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस को तीन राउंड फायरिंग करनी पड़ी। जिसके चलते उसके बाएं पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे डिब्रूगढ़ स्थित एएमसीएच में रेफर कर दिया। पुलिस की उचित अनुरक्षण के बीच एम्बुलेंस द्वारा एएमसीएच भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *