Ukraine-Russia War : यूक्रेन-रूस युद्ध का डिफेंस एक्सपो-2022 पर साया, स्थगित

नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। यूक्रेन-रूस के बीच जारी युद्ध से कई प्रतिभागी देशों की लॉजिस्टिक्स समस्याओं को देखते हुए 10-14 मार्च तक गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो-2022 को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस रक्षा प्रदर्शनी की नई तारीखों के बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि अगले नियत कार्यक्रमों के बारे में जल्द जानकारी दी जाएगी।

विश्व की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनियों में से एक डिफेंस एक्सपो-2022 का समय एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। गुजरात के गांधीनगर में होने वाली यह सबसे बड़ी रक्षा प्रदर्शनी पहले 10 से 13 मार्च तक लगनी थी लेकिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 18 फरवरी को नई दिल्ली में इसकी तैयारियों की समीक्षा के दौरान इसका एक दिन बढ़ाकर 14 मार्च तक करने की घोषणा की थी। डेफएक्सपो के इस 12वें संस्करण के लिए अब तक करीब 1,000 प्रदर्शकों ने पंजीकरण कराया है। इस मेगा आयोजन में लगभग 70 देशों के भाग लेने की उम्मीद थी, जिसका उद्देश्य 2024 तक रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और 5 बिलियन डॉलर के रक्षा निर्यात लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृष्टि पर निर्माण करना है। डिफेंस एक्सपो 2022 का विषय ‘भारत-इमर्जिंग डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब’ रखा गया था।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ए भारत भूषण बाबू ने बताया कि एशिया के सबसे बड़े हथियार मेले में भाग लेने के लिए 22 फरवरी तक दुनियाभर के 55 देशों और 930 प्रदर्शकों ने पुष्टि की। इस मेगा डिफेंस इवेंट में 100 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों को अपने हथियारों का प्रदर्शन करना था। डेफ एक्सपो 2022 को एक हाइब्रिड प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया जाना था, जिसमें भौतिक और आभासी दोनों क्षेत्रों में स्टॉल लगने थे। प्रदर्शनी की योजना तीन-स्थल प्रारूप में बनाई जा रही थी जिसमें हेलीपैड प्रदर्शनी केंद्र (एचईसी) में प्रदर्शनी, महात्मा मंदिर सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र (एमसीईसी) में कार्यक्रम और सेमिनार और साबरमती रिवरफ्रंट पर जनता के लिए लाइव प्रदर्शन होना था।

इस बीच यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध शुरू हो जाने कई देशों को अपने हवाई मार्ग और एयरलाइंस बंद करनी पड़ी हैं। डिफेंस एक्सपो में भाग लेने के लिए पुष्टि करने वाले देशों को अपने हथियारों और सामानों के साथ भारत आना मुश्किल हो गया है। कई देशों ने अपनी इन दिक्कतों से भारत को अवगत कराया जिसको देखते हुए रक्षा मंत्रालय को फिलहाल डिफेंस एक्सपो-2022 स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा है।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि 10 मार्च से 14 मार्च तक गांधीनगर में होने वाले डिफेंस एक्सपो-2022 को प्रतिभागियों की दिक्कतों और उनकी तार्किक समस्याओं के कारण फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। डिफेंस एक्सपो की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *