नई दिल्ली, 3 मार्च (हि.स.)। स्वदेश दर्शन को बढ़ावा देने के मकसद से पर्यटन मंत्रालय ने इससे जुड़े लोगों के लिए पुरस्कारों की घोषणा की है। मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन पुरस्कारों के लिए राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों और पर्यटन से जुड़े लोगों से प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं।
उक्त पुरस्कार योजनाबद्ध उद्देश्यों की उपलब्धि, अभिनव पहल, योजना, डिजाइन और संचालन में स्थिरता संबंधी सिद्धांतों को अपनाने, आसपास के क्षेत्र के विकास में निजी निवेश को आकर्षित करने की क्षमता सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों के लिए दिए जाएंगे।
पर्यटन मंत्रालय ने कई श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की है। इनमें सर्वश्रेष्ठ टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर, सर्वश्रेष्ठ लॉग हट सुविधा, सर्वश्रेष्ठ एमआईसीई सुविधा, सर्वश्रेष्ठ कैफेटेरिया, सर्वश्रेष्ठ क्राफ्ट हाट एवं स्मारिका शॉप की सुविधा, सर्वश्रेष्ठ साउंड एंड लाइट शो, सर्वश्रेष्ठ तट विकास (समुद्र तट,नदी,झील आदि) शामिल है।
पर्यटन मंत्रालय ने राज्य सरकारों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों से अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन दाखिल करने के लिए कहा है। मंत्रालय ने अपनी प्रमुख योजना ‘स्वदेश दर्शन’ के तहत भारत के 31 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में पांच हजार, 500 करोड़ रुपये से अधिक की 76 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत 500 से अधिक स्थलों पर पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया है।
