Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath : गुंडे के सामने कीड़े की तरह रेंगती हुई नतमस्तक थी सपा सरकार : मुख्यमंत्री

मऊ, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मऊ जिले के मधुबन, घोषी और मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इन तीनों जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने दारा सिंह चौहान और जेल में बंद माफिया विधायक मुख्तार अंसारी का नाम लिए बिना लोगों से दगाबाज और दागदारों से सावधान रहने को कहा। पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमलावर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार एक गुंडे के सामने कीड़े की तरह रेंगती हुई नतमस्तक थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिलता था। माफिया गुंडे थाने चलाते थे। हमारी सरकार ने अपराधियों को जेल पहुंचाया। सपा सरकार में मऊ के लोग अपना त्योहार नहीं मना पाते थे। तब सपा के संरक्षण में एक गुंडा हिंदुओं की बस्ती में खुली जीप पर बैठकर गोली चलाता था और तब की सपा सरकार इस गुंडे के सामने कीड़े की तरह रेंगती हुई नतमस्तक थी। उन्होंने कहा कि हमारे बुलडोजर ने इस माफिया की बोलती बंद कर दी। जो माफिया खुलेआम गोली चलाता था, आज उसको व्हीलचेयर पर बैठे हुए देशभर के लोगों ने देखा है। बुलडोजर की ताकत यही है। फिर से सरकार बनने पर यह बुलडोजर इसी तरह से माफियाओं पर चलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के लिए दगाबाज और मुख्तार अंसारी के लिए दागदार शब्द का प्रयोग करते हुए कहा कि दगाबाज आपको धोखा देकर भाग गया और दागदार (माफिया) की बोलती बुलडोजर ने बंद कर दी है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को गरीबों का हक छिनने वाला बताया। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास की खातिर फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दमदार सरकार बनाए जाने को जरूरी बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली चुनावी जनसभा मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पाती मैदान में आयोजित हुई। इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने चुनावों के ठीक पहले भाजपा छोड़ने वाले नेता दारा सिंह का बिना नाम लिए उन पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार एक दगाबाज आपके पास आ गया था। उसने आपकी उपेक्षा की, विकास कार्य नहीं कराए और आपको धोखा देकर भाग गया। अब आप चिंता ना करें, अब भाजपा के जो प्रत्याशी हैं, वह आपको धोखा नहीं देंगा। यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने बीते पांच वर्षों में प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि हमने बिना भेदभाव के सबको सुरक्षा दी, बिजली दी और योजना का लाभ दिया। आवास दिए। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए फ्री इलाज, फ्री वैक्सीन की व्यवस्था की। लोगों को सुरक्षा दी, जबकि सपा बसपा सरकार में दंगे होते थे।

मुख्यमंत्री ने मऊ की अपनी तीनों जनसभाओं में कहा कि कुछ दगाबाज और दागदार लोग अपने बीच घुसकर गुमराह करने के प्रयास में हैं। इनसे सावधान रहिए। ये अवसरवादी लोग हैं। यह आपका भला नहीं करेंगे। सपा बसपा और कांग्रेस ने गरीबों के हक को छीनने का कार्य किया है। सपा के गुर्गे और बसपा का हाथी गरीबों का राशन खा जाता था। जबकि भाजपा ही आपके सम्मान और हितों का संरक्षण करती है। राज्य में फिर से सरकार बनने पर भाजपा गरीबों के कल्याण के कई अन्य कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने जनसभाओं में कहा कि 10 मार्च के बाद उज्जवला योजना के सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली में एक-एक गैंस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। बेटी के जन्म पर हम 25 हजार रुपये देंगे। 60 साल से ऊपर की महिलाओं और बहनों को मुफ्त में उत्तर प्रदेश परिवहन बसों में सफर कराएंगे। राज्य में हर एक परिवार के सदस्य को नौकरी या रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। फ्री में स्कूटी के साथ ही सामूहिक विवाह योजना में कन्यादान के लिए एक लाख रुपये मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। अब तक के रुझान के अनुसार भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल रहा है। छठवें चरण में विपक्ष को जोरदार झटके लगेंगे। भाजपा 275 पार करेगी। बढ़ते चुनावी चरणों के साथ जैसे भाजपा आगे है, वैसे विपक्षी भागने की फिराक में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *