Amit Shah: गरीबों के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस ने कुछ नहीं किया : अमित शाह

चंदौली/वाराणसी, 02 मार्च (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को एक चुनावी जनसभा में सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि इन दलों ने गरीबों के कल्याण के लिए अब तक कोई कार्य नहीं किया। शाह ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पांच चरणों के मतदान में सपा और बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। छठवें और सातवें चरण में भाजपा को 300 के पार जाना है। जनता ने भाजपा की सरकार बनाने का काम पूरा कर लिया है।

अमित शाह ने चंदौली जिले के बलुआ की चुनावी जनसभा में कहा कि सपा सरकार में उत्तर प्रदेश में केवल कट्टा और छर्रा बनता था, लेकिन अब मोदी युग में तोप और मिसाइल बनती हैं। विश्व में हमारा गौरव बढ़ा है। पाकिस्तान भी हमारे पराक्रम से डर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आज मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद, आजम खान कहां हैं? इस पर उपस्थित जनसमूह ने कहा कि जेल में। उन्होंने चंदौली के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में 2017 के अपने दौरे का जिक्र कर कहा कि तब मैंने कहा था कि माफिया को भाजपा सरकार बनने पर चुन-चुन कर समाप्त करेंगे। प्रदेश में योगी सरकार ने माफिया को समाप्त करने का कार्य किया। योगी सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये का भूखंड माफिया से मुक्त कराने का काम किया।

उन्होंने सपा के सकलडीहा विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक जनता के विकास में दिमाग लगाने के बजाय पुलिस के अधिकारियों से सिर टकराता है। ऐसे विधायक को यहां की जनता बदलने जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश बाबू पूछते हैं कि भाजपा सरकार ने पांच साल में क्या किया। केंद्र और प्रदेश सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र कर शाह ने कहा कि एक करोड़ 67 हजार महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर दिया है। दीपावली में मुफ्त सिलेंडर दिया। दो करोड़ 61 लाख परिवारों को मुफ्त शौचालय दिया। अखिलेश सरकार में उत्तर प्रदेश हत्या, दुष्कर्म, डकैती के मामले में नम्बर वन था। अखिलेश की आंखों पर एक ऐनक है, जिससे वह एक ही जाति और दूसरे ऐनक से एक ही धर्म दिखाई देता है। सपा के कार्यकाल में रमजान में बिजली आती थी, महाशिवरात्रि, दीपावली, होली में बिजली नहीं आती थी।

भाजपा नेता शाह ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस गरीब से वोट लेती हैं, लेकिन उनके लिए ही काम नहीं करतीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी में किए गए विकास कार्यों का जिक्र कर उन्होंने कहा कि भाजपा की पुन: सरकार बनने पर होली और दीपावली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त देंगे। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां एक-दो जगह पर बाहुबली बच गए हैं, उन्हें भी 10 मार्च के बाद हम जेल भेजने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *