यूक्रेन में त्रिपुरा के सभी छात्र सुरक्षित, 5 देश लौटे, 24 रास्ते में : मुख्य सचिव

अगरतला, 02 मार्च (हि.स.)। यूक्रेन में फंसे त्रिपुरा के सभी छात्र सुरक्षित हैं। त्रिपुरा के मुख्य सचिव कुमार आलोक ने आश्वासन दिया कि पांच छात्र देश लौट चुके हैं, जबकि 24 रास्ते में हैं। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ माणिक साहा ने यूक्रेन में फंसे त्रिपुरा के छात्रों की मदद के लिए एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी को ऑपरेशन गंगा में जोड़ा गया है।

त्रिपुरा के मुख्य सचिव कुमार आलोक ने कहा कि यूक्रेन में त्रिपुरा के 33 छात्र फंसे हुए थे। उनमें से पांच भारत आ चुके हैं। अन्य 24 छात्र सुरक्षित रूप से यूक्रेन की सीमा पार कर चुके हैं और भारत की ओर आ रहे हैं। हालांकि, 4 लोग अभी तक यूक्रेन नहीं छोड़ पाए हैं, लेकिन वे सभी सुरक्षित हैं।

उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार यूक्रेन से उन चार छात्रों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था भी कर रही है। जिला अधिकारी और उप प्रभागीय मजिस्ट्रेट व्यक्तिगत रूप से यूक्रेन में फंसे त्रिपुरा के सभी छात्रों के परिवारों के संपर्क में हैं और उन छात्रों के विषय के बारे में पता लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देने को तैयार है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ माणिक साहा ने कहा कि त्रिपुरा के नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा में शामिल होने के लिए तीन सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य, महासचिव पापिया दत्ता और पार्टी की प्रांतीय समिति के कार्यकारी सदस्य तापस मजूमदार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे यूक्रेन से त्रिपुरा के नागरिकों की वापसी के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *