मप्रः कांग्रेस का घर चलो, घर-घर चलो अभियान मंगलवार से, कमलनाथ करेंगे शुभारंभ

भोपाल, 31 जनवरी (हि.स.) कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियां और कमलनाथ सरकार के दौरान किए गए कार्यों को प्रदेश के प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी घर चलो घर-घर चलो अभियान शुरू कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ मंगलवार, 01 फरवरी को देवास से इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

कांग्रेस विधायक एवं अभियान के प्रदेश प्रभारी रवि जोशी ने बताया कि इस अभियान में जनता को कांग्रेस के कार्यों से अवगत कराने के लिए कांग्रेस सरकार की उपलब्धि के पम्पलेट बांटे जाएंगे और बीजेपी सरकार की नाकामियों को जनता को बताया जाएगा। एक फरवरी को 11 बजे हर जिला मुख्यालय पर यह अभियान शुरू होगा। सभी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में ओर जहां विधायक नहीं हैं, वहां जिला अध्यक्ष अभियान शुरू करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान फरवरी के महीने में पूरे 28 दिन चलेगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता समस्त बूथों और सभी परिवारों तक पहुंचे। इस कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया जाएगा कि ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष किस तारीख में किस गांव में रहेंगे एवं कार्यक्रम का प्रभावी संचालन करेंगे।

अभियान प्रभारी ने बताया घर चलो, घर-घर चलो अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी का झंडा और गांधी टोपी लगाकर जनता के बीच जाएंगे। अभियान के दौरान सदस्यता अभियान पर जोर दिया जाएगा। गांवों में जाकर कांग्रेस सदस्यों के घर पर कांग्रेस के स्टीकर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी के बाद भी 2023 के विधानसभा चुनाव तक अलग-अलग रूपों में यह अभियान चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *