Varanasi : वाराणसी: युवाओं से संवाद में बोले हार्दिक- अपने वोट से बदलें यूपी का राजनीतिक भविष्य

वाराणसी, 30 जनवरी (हि.स.)। गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने रविवार को वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनके सवालों का जवाब दिया।

युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में चांदपुर स्थित मां सरस्वती महिला पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में हार्दिक पटेल ने केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं ने ही देश को हमेशा से दिशा दी है। हमें अपने युवा शक्ति को एक सार्थक व सही दिशा देने की जरूरत है। किसी भी देश की ताकत उसके युवा होते हैं, पर यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि आज की वर्तमान हुकूमत सत्ता के दम्भ में युवाओं को निराशा व हताशा के भंवर में झोंक रही है।

हार्दिक पटेल ने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश में वर्तमान राजनीति को बदलने की जरूरत है। हम गुमराह करने की राजनीति नहीं करते। कांग्रेस का भर्ती विधान कार्यक्रम एक स्वर्णिम भविष्य की ओर ले जाने की योजना है। पिछले चार सालों के दौरान उत्तर प्रदेश के हर वर्ग, हर तबके की संवेदना को कांग्रेस के भर्ती विधान में शामिल किया गया है। हार्दिक ने कहा कि अपने वोट से बदलें यूपी का राजनीतिक भविष्य। युवा इस चुनाव में कंधे से कंधा मिलाकर चलें। उत्तर प्रदेश का चुनाव हिंदुस्तान का भविष्य भी तय करेगा।

संवाद में हार्दिक से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजीव गौतम, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, शैलेंद्र सिंह, वीरेंद्र कपूर, अभिषेक सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, अशोक सिंह,एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने सवाल पूछा। एनएसयूआई के अध्यक्ष नीरज कुंदन से भी कार्यकर्ताओं ने सवाल किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अजय राय, छत्तीसगढ़ के विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक कन्हैया अग्रवाल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश प्रभारी अविनाश यादव, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष आदि भी उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री अजय राय ने भर्ती विधान घोषणापत्र में विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ कुंवर एवं धन्यवाद ज्ञापन एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ऋषभ पांडेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *