Rajnath Singh : मोदी-योगी के दामन पर कोई भी मां का लाल अंगुली नहीं उठा सकताः राजनाथ

कासगंज, 30 जनवरी (हि.स.)। चुनाव प्रचार के लिए रविवार को कासंगज पहुंचे रक्षामंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा को छोड़ सभी दलों की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी रहीं। जबकि मोदी और योगी के दामन पर कोई भी माई का लाल अंगुली नहीं उठा सकता।

राजनाथ सिंह ने कासगंज के नदरई गेट स्थित एसकेवी विद्यालय में आयोजित “प्रभावी मतदाता संवाद” कार्यक्रम में कहा कि चुनाव में जनमानस को प्रदेश की तकदीर लिखनी है। इसके लिए मतदान करना आवश्यक है। लोगों ने भाजपा की सरकारों का कार्यकाल देखा है। पूर्व की सरकारों को भी समझा है। अब सोच समझकर प्रदेश की जनता को निर्णय लेना है। उन्होंने कासगंज को खासगंज की उपमा दी और कहा कि यह क्षेत्र बाबूजी कल्याण सिंह का है, इसलिए इसकी खास महत्ता है। उन्होंने कल्याण सिंह के जीवनकाल के कुछ पहलुओं का स्मरण भी किया और बाबूजी को सच्चा हिंदुत्वनिष्ठ नेता बताया।

सिंह ने सपा और बसपा की सरकारों को भ्रष्टाचारी सरकार बताते हुए अखिलेश यादव एवं मायावती पर निशाना साधा और वर्तमान योगी सरकार की जनहित की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योगीजी के बुलडोजर से विरोधी घबरा गए हैं। माफिया प्रदेश छोड़ गए, गुंडे या तो हवालात में हैं या फिर दुनिया छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। यही भाजपा का चरित्र है। हमारे नेता जो कहते हैं, वही करते हैं। पूर्व की कांग्रेस सरकार में केंद्र से बजट के लिए 100 रुपये आते थे और पात्रों तक 16 पैसे ही पहुंच पाते थे, लेकिन अब मोदी सरकार मे भेजे गए बजट के 100 रुपये में से 100 रुपये ही पात्र तक पहुंचते हैं। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हो पाती है। इसी कारण बिचौलिए भाजपा के विरोध में है। उन्होंने अंत में प्रबुद्धजन से चुनाव में भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने जिले में पार्टी के तीनों उम्मीदवारों को प्रचंड मतों से जिताने की अपील की। इस दौरान विधायक एवं पार्टी प्रत्याशी देवेंद्र सिंह राजपूत और कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *