Pakistan : पाकिस्तान के बलूचिस्तान में दो बम धमाके, चार की मौत

क्वेटा, 29 जनवरी (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों के हमले लगातार जारी हैं। तीन दिन पूर्व पाकिस्तान सेना की टुकड़ी पर हमला कर दस सैनिकों की हत्या के बाद अब बलूचिस्तान के डेरा बुगती में दो बम धमाके किये गए। घटना में चार लोगों की मौत हो गयी। इन विस्फोटों में आठ अन्य लोग घायल हो गए हैं।

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार बलूचिस्तान के डेरा बुगती जिले की सुई तहसील में एक ट्यूबवेल रूम में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को रिमोट कंट्रोल से उड़ा दिया गया। यहां कुल दो धमाके किए गए। विस्फोटों में तीन पाकिस्तानी नलकूप कर्मियों को बुगती कबीले के एक बुजुर्ग की मौत हो गयी।

सुई प्रशासन के एक अधिकारी ने विस्फोटों में चार लोगों की जान चले जाने और आठ अन्य के घायल होने की पुष्टि की है। अधिकारी ने कहा कि धमाकों से ट्यूबवेल की दीवार का सोलर पैनल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बुगती कबीले के बुजुर्ग की पहचान सीनेटर सरफराज बुगती के चचेरे भाई के रूप में हुई है। सीनेटर बुगती ने कहा कि इस जानलेवा हमले के पीछे प्रतिबंधित बलूच रिपब्लिकन आर्मी का हाथ हो सकता है।

इससे पहले बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना पर हमला कर दस पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। इस हमले के बाद पहले इसे छिपाने की कोशिश कर रही पाकिस्तानी सेना ने लगभग तीस घंटे बाद स्वीकार किया था कि उसके एक चेकपोस्ट पर भीषण हमला हुआ है। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक विद्रोही को मार गिराया गया था। इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *