Manoj Pandey : लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे होंगे देश के अगले आर्मी वाइस चीफ, सरकार की मंजूरी

नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे भारतीय सेना के अगले वाइस चीफ होंगे। उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता को कोलकाता में पूर्वी सेना कमान का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सेना ने उत्तरी और पूर्वी सैन्य कमानों के लिए दो नए कमांडरों की नियुक्ति की है। सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से शुक्रवार को मुलाकात करके उनकी सराहना की।

सेना के अगले उप प्रमुख के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को नियुक्त करने के लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। देश के अगले आर्मी वाइस चीफ जनरल पांडे को दिसंबर 1982 में कोर आफ इंजीनियर्स (द बाम्बे सैपर्स) में नियुक्त किया गया था। वह स्टाफ कॉलेज, केम्बरली (यूनाइटेड किंगडम) से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने आर्मी वार कालेज महू और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) में हायर कमांड कोर्स में भाग लिया। देश के लिए अपनी 37 वर्षों की विशिष्ट सेवा के दौरान पांडे ने ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया है। जनरल पांडे जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा के साथ एक इंजीनियर रेजिमेंट, स्ट्राइक कोर के हिस्से के रूप में एक इंजीनियर ब्रिगेड, नियंत्रण रेखा के साथ एक इन्फैंट्री ब्रिगेड, पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाके में एक माउंटेन डिवीजन और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के साथ-साथ उत्तर-पूर्व में काउंटर इंसर्जेंसी ऑपरेशंस क्षेत्र में भी एक कोर की तैनाती की कमान संभाली है।

सेना के मौजूदा उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती की जगह पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को नियुक्त किया गया है। मनोज पांडे के स्थान पर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता को कोलकाता में पूर्वी सेना कमान का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह सेना कमांडर के रूप में नियुक्त होने वाले पहले असमिया सेना अधिकारी हैं और पूर्वोत्तर से दूसरे अधिकारी हैं। मणिपुर के लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह (सेवानिवृत्त) इस क्षेत्र के पहले कोर कमांडर थे। इसी तरह सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी के सेवानिवृत्त होने पर उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को उत्तरी सेना का नया कमांडर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी को दिसंबर, 1984 में जम्मू और कश्मीर राइफल्स की 18वीं बटालियन में शामिल किया गया था।

सेना की उत्तरी कमान जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान और पूर्वी लद्दाख में चीन की अंतरराष्ट्रीय सीमा की देखभाल करती है। भारतीय सेना से 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होने वाले सैन्य अधिकारियों में सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती, उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी और रक्षा खुफिया एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों शामिल हैं। इन अधिकारियों से सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शुक्रवार को मुलाकात करके उनके कार्यकाल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *