मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने निकाय पदाधिकारियों के साथ की बैठक

निकायों को मजबूत करने के लिए लघु और दीर्घकालिक योजना बनाने का सीएम ने किया आह्वान

गुवाहाटी, 28 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने जनता भवन में निगमों के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, एमडी, महिला आयोग और युवा आयोग के सदस्यों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने दृष्टिकोण और विचारों में नवीनता लाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने संबंधित निकायों को और अधिक जीवंत बनाने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने गुरुवार की रात को आयोजित बैठक में नए पदाधिकारियों को निगमों को पहले से अधिक जीवंत और कार्योन्मुखी बनाने के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निगमों के अध्यक्षों से कहा कि वे अपने निकायों को आर्थिक रूप से अधिक व्यवहारिक बनाएं ताकि वे सरकार के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के आख्यान को मजबूत कर सकें। डॉ. सरमा ने नए पदाधिकारियों को अपने-अपने संगठनों को नया रूप देने के लिए भी कहा, ताकि वे राज्य के लोगों के सभी वर्गों तक पहुंचने के लिए सरकार को मदद कर सकें। उन्होंने उनसे आगे की योजना बनाने और भविष्य की कार्रवाई के लिए अपनी टीम विकसित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष और सदस्यों को भी सक्रिय होने और महिला सशक्तिकरण के विरोधी ताकतों को हतोत्साहित करने के लिए राज्य भर का दौरा करने को कहा। उन्होंने उन्हें डायन शिकार या छेड़छाड़ की सूचना मिलने के तुरंत बाद सम्बंधित स्थान पर जाने के लिए कहा।

डॉ. सरमा ने राज्य संचालित निकायों के पदाधिकारियों को बजट प्रस्ताव तैयार कर सरकार को सौंपने को भी कहा। उन्होंने उनसे संबंधित मंत्रियों के संपर्क में रहने और सरकार के उद्देश्य के साथ अपने संगठनों को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए एक एजेंडा का मसौदा तैयार करने के लिए भी कहा। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपने पीएसओ को छोड़ने और जनता के साथ रहने को कहा ताकि उन्हें सुशासन का लाभ मिल सके।

बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक रंगिया भबेश कलिता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जयंत मल्ला बरुवा, भाजपा के सांगठनिक महासचिव फणींद्र शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *