प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से मजबूत हो रही है देश की स्वास्थ्य संरचना : गिरिराज सिंह

बेगूसराय, 27 जनवरी (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के कॉर्पोरेट दायित्व के तहत बिहार के बेगूसराय में बनने वाले बच्चों के सबसे अत्याधुनिक अस्पताल का शिलान्यास गुरुवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने सदर अस्पताल परिसर में बरौनी रिफाइनरी प्रमुख शुक्ला मिस्त्री की उपस्थिति में किया। करीब सात करोड़ 48 लाख की लागत से आधुनिक सुविधा से युक्त 50 बेड के अस्पताल का निर्माण मई में पूरा कर लिया जाएगा। बच्चों के इस अस्पताल में 36 नॉर्मल बेड, दस आईसीयू बेड एवं चार ऑब्जरवेशन बेड रहेगा। दस वेंटिलेटर सहित बच्चों के इलाज में उपयोगी आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी सरकारी योजनाओं के साथ सीएसआर फंड से देश के विकास में लगातार प्रयास कर रहे हैं। सीएसआर फंड से उन्होंने स्कूलों में शौचालय बनवाया। पेट्रोलियम मंत्रालय के माध्यम से पूरे देश में स्वास्थ्य सेवा को दुरुस्त किया। प्रधानमंत्री के निर्देश, इंडियन ऑयल के प्रयास और बेगूसराय के डीएम की जागरूकता से बेगूसराय में ऑक्सीजन की कमी नहीं हुई। बेगूसराय में पीएम केयर्स फंड और पेट्रोलियम मंत्रालय की योजना से ऑक्सीजन प्लांट लग चुका है, आने वाले समय में और भी बहुत कुछ दिखेगा।

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रहे हैं। 2014 में देशभर में मात्र 82 हजार डॉक्टर थे, आज डेढ़ लाख सीट बढ़ चुका है। पीएम की सोच है कि स्वास्थ्य की आधारभूत संरचना मजबूत हो। सात साल में मोदी जी ने 170 मेडिकल कॉलेज की शुरुआत कर दी, प्रत्येक दो जिला पर एक मेडिकल कॉलेज बनेगा, 29 हजार वैलनेस सेंटर बन रहे हैं। लोग भले ही मोदी को गाली दें, लेकिन नरेन्द्र मोदी सोता भी है देश के लिए और जगता भी है देश के लिए।

उन्होंने कहा कि जब कोरोना काल आया तो पीपीई किट कैसे बनता है, पता भी नहीं था। आज अपना देश पीपीई, वेंटिलेटर, मास्क, एन-95 मास्क और टीका विभिन्न देशों को एक्सपोर्ट कर रहा है। सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र वरदान साबित हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश में 18 करोड़ कार्ड बन चुका है, तीन करोड़ लोगों का मुफ्त में इलाज हुआ है। बिहार में 73 लाख कार्ड बना और चार लाख लोगों को फायदा हो चुका है। महत्वपूर्ण योजना की राशि नहीं सोच है। नरेन्द्र मोदी के विजन और पेट्रोलियम मंत्रालय के प्रयास से रिफाइनरी सामाजिक भागीदारी के लिए तन-मन-धन से जन भागीदारी निभा रहा है।

शिलान्यास समारोह को भाजपा मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक विधायक कुंदन कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरौनी रिफाइनरी प्रमुख और कार्यपालक निदेशक शुक्ला मिस्त्री ने कहा कि गिरिराज सिंह द्वारा प्रस्ताव दिए जाने के बाद 12 सदस्यीय टीम ने सदर अस्पताल बेगूसराय में बच्चों के लिए विशेष अस्पताल बनाने की प्रक्रिया शुरू की। बच्चों के इस अस्पताल को दिल्ली के बड़े अस्पताल से टाइअप किया जाएगा। बेगूसराय को स्मार्ट बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बरौनी रिफाइनरी बेगूसराय में बिहार का सबसे आधुनिक छह बेड का बर्न वार्ड बनाएगा। कोरोना काल में बरौनी रिफाइनरी ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए सजग रहा, संजीवनी सिलेंडर दिया, बायोगैस प्लांट बन रहा है, जल्द ही जिला प्रशासन को आधुनिक सुविधाओं से लैस तीन एंबुलेंस दिए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन बरौनी रिफाइनरी के सीएसआर प्रबंधक नीरज कुमार ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मुख्य महाप्रबंधक आर.के. झा ने कहा कि इंडियन ऑयल आत्मनिर्भर भारत अभियान को आत्मसात कर रही है तथा बरौनी रिफाइनरी तमाम तरह से इसमें सहयोग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *