पेरिस वार्ता में बनी बात: संघर्ष विराम जारी रखने पर राजी रूस-यूक्रेन

पेरिस, 27 जनवरी (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच जंग की संभावनाओं के बीच दोनों देशों की बातचीत के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। फ्रांस की राजधानी पेरिस में रूस और यूक्रेन के बीच हुई वार्ता में दोनों देश संघर्ष विराम जारी रखने पर राजी हो गए हैं। साथ ही अगले माह फिर बातचीत पर सहमति बनी है।

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता के बादल छाए हैं। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने तो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पर व्यक्तिगत प्रतिबंध तक लगाने की चेतावनी दे दी थी। इन तनावों के बीच पेरिस से सकारात्मक खबर मिली है। फ्रांस की राजधानी पेरिस में रूस और यूक्रेन के दूतों के बीच चल रही वार्ता में दोनों देशों ने संघर्ष विराम जारी रखने का फैसला किया। साथ ही तय हुआ कि अगले महीने दोनों देशों के बीच पुन: बातचीत होगी। इस सकारात्मक सूचना के बावजूद अभी यह कहना मुश्किल माना जा रहा है कि अमेरिका व उसके सहयोगी नाटो देशों और रूस के बीच तनाव घटाने में यह वार्ता कितनी मददगार साबित होगी।

रूस व यूक्रेन के दूतों के बीच हुई बैठक में फ्रांस के प्रतिनिधि ने भी हिस्सा लिया था। बातचीत में मध्यस्थता करने वाले फ्रांस के प्रतिनिधि ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत आठ घंटे से अधिक तक चली। उन्होंने बताया कि बातचीत के अच्छे संकेत सामने आए हैं। दरअसल रूस द्वारा यूक्रेन की सीमा के पास सेना तैनात कर दिये जाने और वहां सैन्य बल में लगातार वृद्धि किए जाने से शेष विश्व को लग रहा था कि रूस अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमले की तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *